Type Here to Get Search Results !

ओलिंपिक खेलों में भारत का प्रदर्शन Olympic Games Tokyo 2020

ओलिंपिक खेलों में भारत का प्रदर्शन और इतिहास 

23 जुलाई से टोक्यो ओलिंपिक खेलों की शुरुआत होने जा रही है। ओलिंपिक खेलों के 32वें संस्करण टोक्यो 2020 का आयोजन पिछले वर्ष कोविड 19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया था। भारत की ओर से इन खेलों में 119 खिलाड़ियों का समूह जा रहा है। वर्ष 2016 के रियो ओलिंपिक में ख़राब प्रदर्शन के बाद सरकार की ओर से खिलाड़ियों को कई सुविधाएँ दी गई तथा टोक्यो 2020 खेलों में भारतीय समूह से अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एवं मेडल की सर्वाधिक संख्या की उम्मीद की जा रही है।


ओलिंपिक खेलों के बारे में


  • इन लोकप्रिय खेलों की शुरुआत यूनान (ग्रीस) की राजधानी एथेंस में प्राचीन काल के दौरान हुई मानी जाती है। ओलंपिया पर्वत पर खेले जाने के कारण इसका नाम ओलम्पिक पड़ा।
  • आधुनिक समय में वर्ष 1896 में एथेंस में इनकी फिर से शुरुआत हुई।
  • ओलिंपिक खेलों के ध्वज में सफ़ेद पृष्टभूमि में ओलम्पिक प्रतीक के रूप में 5 रंगीन चक्र एक दूसरे से मिले हुए दर्शाये गए है जो विश्व के 5 महाद्वीपो का प्रतिनिधित्व करने के साथ ही निष्पक्ष एवं मुक्त स्पर्धा का प्रतीक है।
  • इन खेलों का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय ओलिंपिक समिति द्वारा की जाती है, इसकी स्थापना पियरे डे कोबेर्टिन ने 23 जून 1894 को की थी तथा यूनानी व्यापारी देमिनिस विकेलस इसके प्रथम अध्यक्ष बने थे।
  • टोक्यो 2020 का शुभंकर: मिराईतोवा


अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के बारे में


  • यह एक गैर-सरकारी खेल संगठन है, जिसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड के लुसाने में है।
  • इसके द्वारा ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाता
  • जर्मनी के थोमस बाच इसके वर्तमान अध्यक्ष हैं।


ओलिंपिक खेलों में भारत का अब तक का प्रदर्शन


भारत ने पहली बार 1900 में ओलंपिक खेलों में भाग लिया, जिसमें एकमात्र एथलीट (नॉर्मन) प्रिचर्ड) ने दो पदक जीते दोनों रजत, एथलेटिक्स में भारत ने पहली बार 1920 में ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों के लिए एक टीम भेजी, और तब से हर ग्रीष्मकालीन खेलों में भाग लिया। भारत का पहला स्वर्ण पदक वर्ष 1928 के एम्सटर्डम ओलिंपिक खेलों में आया। भारतीय एथलीटों ने ग्रीष्मकालीन खेलों में अब तक कुल 28 पदक (9 स्वर्ण, 7 रजत और 12 कांस्य) जीते हैं। भारतीय हॉकी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1920 और 1980 के बीच 12 ओलंपिक खेलों में 11 पदक जीते, इनमें से 8 स्वर्ण पदक हैं। भारत का पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग स्पर्धा में बीजिंग ओलिंपिक में जीता था।


जनसंख्या की दृष्टि से विश्व के दूसरे सबसे बड़े देश भारत द्वारा ओलिंपिक खेलों में यह प्रदर्शन निराशाजनक है, अमरीकी तैराक माइकल फेल्प्स ने अकेले ही 5 ओलिंपिक खेलों में पूरे भारत देश के बराबर पदक जीते हैं। पिछले 2016 रियो ग्रीष्म कालीन ओलिंपिक खेलों में भारत ने केवल 2 ही पदक जीते।


सरकार द्वारा बेहतर प्रदर्शन के लिए किये गये प्रयास


खेलो इण्डिया योजना के तहत स्कूलों, विश्वविद्यालयों से प्रतिभाओं की पहचान की जा रही है. इसके अलावा भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना के माध्यम से ओलंपिक खेलों में पदक जीतने की संभावना रखने वाले एथलीटों की पहचान कर उन्हें ओलंपिक की तैयारी के लिये समर्थन तथा सहायता दी जा रही है।


इसकी शुरुआत वर्ष 2014 में राष्ट्रीय खेल विकास कोष (NSDF) के तहत हुई थी। इसके तहत निम्न खेल उच्च प्राथमिकता के तहत रखे गये हैं

(i) एथलेटिक्स,

(iii) बैडमिंटन,

(iii) हॉकी,

(iv) शूटिंग,

(v) टेनिस,

(vi) भारोत्तोलन,

(vii) कुश्ती,

(viii) तीरंदाजी

(ix) मुक्केबाज़ी


टोक्यो 2020 ओलिंपिक में भारतीय दल द्वारा पदक जीतने की संभावनाएं


  • शूटिंग स्पर्धा: ओलिंपिक खेलों के 32वें संस्करण में शूटिंग स्पर्धा में भारत की ओर से 15 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें से सौरभ चौधरी और मनु भाकर स्वर्ण पदक के दावेदार हैं। इनके अलावा अभिषेक वर्मा, अपुर्वी चंदेला से भी पदक की उम्मीदें हैं। कुल संभावित पदक: 4-5
  • तीरंदाजी: विश्व नं एक महिला तीरंदाज भारत की दीपिका कुमारी से स्वर्ण/रजत पदक की उम्मीद जताई जा रही है। संभावित पदकः ।
  • बॉक्सिंग: इस स्पर्धा में मैरी कोम (51 किलो वर्ग) एवं अमित पंघल (52 किलो वर्ग) भारत की ओर से पदक के प्रबल दावेदार है। संभावित पदक: 3
  • कुश्ती: बजरंग पूनिया (65 किलो) एवं विनेश फोगाट (53 किलो) क्रमश: रजत एवं स्वर्ण पदकों के दावेदार हैं। संभावित पदक: 3
  • एथलेटिक्स: भारत को ओलिंपिक खेलों में सबसे ज्यादा इंतजार एथलेटिक्स में पदक का है, इस बार जेवेलिन थ्रो में विश्व नं 4 नीरज चोपड़ा कांस्य पदक के लिए प्रबल उम्मीदवार हैं। शॉट पुट में तजिंदरपाल सिंह भी पदक के दावेदार हैं। कुल संभावित पदक: 2

  • बेडमिंटन: रियो ओलिंपिक खेलों की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु इस बार भी पदक की दावेदार हैं, हालांकि उनकी हालिया फॉर्म अच्छी नहीं रही।

  • अन्य संभावित पदक: 3
  • कुल संभावित पदकों की संख्या: 17


भारतीय ओलम्पिक संघ, भारत की राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (NOC) है। इसकी स्थापना वर्ष 1924 ई. में की गयी थी और सर जे.जे टाटा इसके प्रथम अध्यक्ष थे, नरिंदर बत्रा इसके वर्तमान अध्यक्ष हैं। संघ का कार्य ओलंपिक खेलों, एशियाई खेलों व अन्य अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों का चयन करना और भारतीय दल का प्रबंधन करना है।